
कोडरमा।

झारखंड की सीमा से लगे और कोडरमा जिला से सटे बिहार के गुरपा-बसकटवा जंगल में सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ में प्रतिबंधित नक्सली संगठन भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के चार उग्रवादी मारे गए हैं। पुलिस सूत्रों ने बताया कि सूचना मिली थी कि माओवादियों का एक दस्ता जंगल में छिपा हुआ है। इसी आधार पर बिहार-झारखंड के सीमावर्ती इलाकों में 205 कोबरा बटालियन के जवानों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। जवानों को देखते ही माओवादियों ने उन पर गोलीबारी शुरू कर दी जिसका करारा जवाब सुरक्षा बलों की ओर से दिया गया। इस मुठभेड़ में चार नक्सली के मारे जाने की सूचना है। सूत्रों ने बताया कि कोबरा बटालियन के जवानों ने मुठभेड़ में मारे गए चार नक्सलियों के शव बरामद कर लिया है। माओवादियों के शव के पास से दो इंसास राइफल, एक एसएलआर तथा एक ए के-47 राइफल भी बरामद हुआ है। गया के नगर पुलिस अधीक्षक अवकाश कुमार ने कहा है कि ऑपरेशन खत्म होने के बाद मारे गए नक्सलियों के शव को गया लाया जाएगा। इधर कोडरमा एसपी सुरेन्द्र कुमार झा के निर्देश पर जिले के गझंडी इलाके में छापेमारी और सर्च अभियान चलाया जा रहा है। नक्सलियों के गझंडी जंगल और आसपास पहुँचने की भी संभावना है।
Comments are closed.