दक्षिण पूर्व रेलवे के अंतर्गत चारों मंडलों रांची, खड़गपुर, आद्रा एवं चक्रधरपुर मंडल में दिनांक 23 अप्रैल 2021 से महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त, दक्षिण पूर्व रेलवे, कोलकाता, श्री डी. बी. कसार के निर्देशानुसार “Campaign four rivers” की शुरुआत की गई है।
इस अभियान के अंतर्गत रेलवे परिसर एवं रेलवे स्टेशनों के आसपास स्थित गांव एवं कस्बों में वैश्विक महामारी कोविड-19 से बचाव के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
ज्ञातव्य हो कि दक्षिण पूर्व रेलवे में पश्चिम बंगाल, झारखंड एवं उड़ीसा राज्यों के अंतर्गत बहने वाली चार महत्वपूर्ण नदियां हुगली, स्वर्णरेखा, दामोदर एवं महानदी के नाम पर इस विशेष अभियान का नाम “Campaign four rivers” रखा गया है।
रांची रेल मंडल के अंतर्गत इस अभियान को मंडल समादेष्टा, रेलवे सुरक्षा बल, रांची, श्री प्रशांत यादव के नेतृत्व में तीन समूहों में निरीक्षक सुश्री सुनीता पन्ना, सुश्री एस आर कुजुर एवं श्री इम्तियाज अंसारी द्वारा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
रांची मंडल के विभिन्न रेल संभागों जैसे, हटिया-ओरगा रेल खंड, रांची-टोरी रेल खंड, रांची-मुरी-रामगढ़ रेल खंड एवं रांची-मुरी-चांडिल रेल खंडों के अंतर्गत स्थित कुल 45 छोटे- बड़े रेलवे स्टेशनों एवं इनके आस- पास स्थित गाँव एवं कस्बों में पहुंच कर रेलवे सुरक्षा बल के महिला अधिकारियों एवं अन्य जवानों के साथ जागरूकता अभियान चला कर आमलोगों को कोविड-19 महामारी से स्वयं के बचाव तथा दूसरों की सुरक्षा करने के उपाय बताएं जा रहे हैं।
लोगों को मास्क पहनने, साबुन से हाथ धोने, सामाजिक दूरी बनाये रखने तथा अन्य जरूरी सावधानियों के बारे में जागरूक किया जा रहा है। साथ ही साथ जरूरतमंदों के बीच उचित मात्रा में मास्क, सैनिटाइजर एवं अन्य जरूरी सामान उपलब्ध कराये जा रहें है। इस अभियान के तहत संबंधित गांव के विशिष्ट व्यक्तियों, मुखिया, ग्राम पार्षद एवं स्थानीय पुलिस से संपर्क स्थापित कर कोरोना वैश्विक महामारी से बचाव हेतु आम लोगों को जागरुक करने की अपील की जा रही है।
