रांची,
दक्षिण अफ्रीका में पायलट ट्रेनिंग के दौरान एक दर्दनाक हादसे में रांची के युवक पीयूष पुष्प (20 वर्ष) की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, अरगोड़ा कटहल मोड़, लाजपत नगर निवासी पीयूष अपने पायलट बनने के सपने को पूरा करने के लिए दक्षिण अफ्रीका के वालकैन एविएशन इंस्टीट्यूट में प्रशिक्षण ले रहे थे।
ट्रेनिंग के दौरान हुआ हादसा
बताया गया है कि ट्रेनिंग के दौरान पीयूष जिस विमान को उड़ा रहे थे, उसमें अचानक तकनीकी खराबी आ गई। विमान कुछ ही देर में क्रैश हो गया, जिससे पीयूष गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें बचा नहीं सके।
परिवार में पसरा मातम
पीयूष अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घर में मातम का माहौल है और आस-पड़ोस के लोग परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं।
भारत लाया जाएगा पार्थिव शरीर
जोहानसबर्ग स्थित भारतीय दूतावास ने पीयूष का पार्थिव शरीर भारत लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उम्मीद है कि जल्द ही उनका पार्थिव शरीर रांची लाया जाएगा, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
सांसद बिद्युत बरण महतो ने जताया शोक
जमशेदपुर के सांसद श्री बिद्युत बरण महतो ने पीयूष पुष्प की मौत पर गहरा शोक जताया है। उन्होंने कहा कि “पीयूष की असमय मृत्यु से न केवल उनका परिवार बल्कि पूरा देश एक उज्ज्वल प्रतिभा से वंचित हो गया है।”

