जमशेदपुर।
टाटा मोटर्स के विभिन्न डिवीजनों में मंगलवार को विश्वकर्मा पूजा का आयोजन बड़े श्रद्धा और भक्ति भाव से किया गया। चूंकि 17 सितंबर को विश्वकर्मा पूजा का अवकाश है, इसलिए कर्मचारियों ने एक दिन पूर्व ही कंपनी के भीतर अलग-अलग डिवीजनों और यूनियन कार्यालयों में पूजा-अर्चना की। पूजा में कर्मचारियों के साथ-साथ यूनियन पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
विश्वकर्मा पूजा को लेकर सुबह से ही टाटा मोटर्स के डिवीजनों में विशेष तैयारी दिखी। पूजा पंडालों को फूलों और रंग-बिरंगी झालरों से सजाया गया था। कर्मचारियों ने अपने-अपने कार्यस्थलों पर मशीनों और औजारों की पूजा की और सुख-समृद्धि की कामना की। इस मौके पर वातावरण पूरी तरह धार्मिक और उत्साहपूर्ण बना रहा।
पूजा कार्यक्रम में टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद और महामंत्री आरके सिंह ने भी हिस्सा लिया। दोनों पदाधिकारी सबसे पहले एक्सल डिवीजन पहुंचे और वहां आयोजित विश्वकर्मा पूजा में सम्मिलित हुए। इसके बाद उन्होंने अन्य डिवीजनों का भी दौरा किया और कर्मचारियों के साथ पूजा-अर्चना की। इस दौरान अध्यक्ष और महामंत्री ने सभी कर्मचारियों को विश्वकर्मा पूजा की शुभकामनाएं दीं।
यूनियन अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद और महामंत्री आरके सिंह ने इस अवसर पर कर्मचारियों से अपील की कि वे 17 सितंबर को टाटा मोटर्स कंपनी परिसर में आयोजित होने वाले सेंट्रल विश्वकर्मा पूजा कार्यक्रम में समय पर उपस्थित हों। उन्होंने कहा कि सेंट्रल विश्वकर्मा पूजा हर साल बड़े स्तर पर मनाई जाती है, जहां सभी डिवीजनों के कर्मचारी एक साथ एकजुट होकर भगवान विश्वकर्मा की आराधना करते हैं।
विश्वकर्मा पूजा को लेकर कर्मचारियों में खासा उत्साह देखने को मिला। कर्मचारियों का कहना था कि यह पर्व न केवल धार्मिक महत्व रखता है बल्कि कार्यस्थल से गहरा जुड़ाव भी दर्शाता है। विश्वकर्मा भगवान को उद्योग, निर्माण और तकनीक का देवता माना जाता है। ऐसे में हर साल टाटा मोटर्स परिसर में इस पर्व का भव्य आयोजन किया जाता है।
पूरे आयोजन में अनुशासन और पारंपरिक आस्था का मेल देखने को मिला। कर्मचारियों ने विश्वकर्मा पूजा को कार्यस्थल की सुरक्षा, उत्पादन में वृद्धि और कंपनी के सतत विकास से जोड़ा। सभी ने यह संकल्प लिया कि आने वाले समय में भी इसी प्रकार आपसी सहयोग और मेहनत के साथ टाटा मोटर्स को ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।


