जमशेदपुर। जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने रविवार को बिस्टुपुर स्थित सांसद कार्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, माय भारत (MY Bharat) के माध्यम से विकसित भारत पदयात्राएँ आयोजित कर रहा है। जिसका उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रीय गौरव की भावना जगाना, समाज के प्रति जिम्मेदारी बढ़ाना और देश की एकता को और मजबूत बनाना है। यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “जन भागीदारी से राष्ट्र निर्माण” के विजन से प्रेरित है। प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा, जिला उपाध्यक्ष सह अभियान के जिला संयोजक संजीव सिन्हा, सह संयोजक अमरजीत सिंह राजा एवं कृष्णकांत राय मौजूद रहे।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए सांसद विद्युत महतो ने बताया कि इस अभियान के तहत जिला स्तरीय पदयात्राएँ आयोजित होंगी जिसमें जमशेदपुर संसदीय क्षेत्र में 3 दिन 8-10 किमी की पदयात्रा होगी। पदयात्रा से पूर्व स्कूल-कॉलेजों में निबंध, वाद-विवाद, संगोष्ठी और नुक्कड़ नाटक जैसे कार्यक्रम होंगे। इसमें युवाओं के बीच नशामुक्त भारत शपथ, स्वदेशी मेला और “गर्व से स्वदेशी” संकल्प दिलवाया जाएगा। साथ ही, योग शिविर, हेल्थ कैंप और स्वच्छता अभियान भी आयोजित होंगे। पदयात्रा के दौरान सरदार पटेल की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि, आत्मनिर्भर भारत शपथ, सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रमाणपत्र वितरण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अभियान में 6 अक्टूबर 2025 को मंत्रालय द्वारा “सरदार@150 यूनिटी मार्च” की शुरुआत की गई है, जो लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती को समर्पित है। जिस तरह सरदार वल्लभ भाई पटेल ने बिखरे हुए भारत को एक सूत्र में पिरोया था, उसी भावना को यह पदयात्रा आगे बढ़ाएगी। सांसद विद्युत महतो ने बताया कि इस अभियान के तहत युवाओं को “एक भारत, आत्मनिर्भर भारत” के संकल्प से जोड़ने का आह्वान किया गया है। माय भारत के डिजिटल चरण की शुरुआत केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने की है, जिसमें सोशल मीडिया रील प्रतियोगिता, निबंध लेखन और सरदार@150 यंग लीडर प्रोग्राम शामिल है। इस कार्यक्रम के 150 विजेताओं को राष्ट्रीय पदयात्रा में शामिल होने का अवसर मिलेगा।
अभियान के प्रमुख चरणों की जानकारी देते हुए सांसद विद्युत महतो ने कहा की राष्ट्रीय पदयात्रा (26 नवंबर से 6 दिसंबर 2025) में 152 किमी लंबी यात्रा करमसद (पटेल जी का जन्मस्थान) से स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, केवड़िया तक निकाली जाएगी। रास्ते के गाँवों में सामाजिक विकास कार्यक्रम, प्रदर्शनी, सांस्कृतिक आयोजन और हर शाम “सरदार गाथा” के माध्यम से सरदार पटेल के जीवन से प्रेरणा लेने का अवसर मिलेगा।
READ MORE :Jamshedpur News :धनतेरस पर चमका जमशेदपुर का बाजार, 651 करोड़ का हुआ कारोबार
सांसद श्री महतो ने लौहनगरी जमशेदपुर के युवाओं से आह्वान किया कि वे इस ऐतिहासिक पहल का हिस्सा बनें और सक्रिय भागीदारी के माध्यम से राष्ट्र निर्माण की इस यात्रा में योगदान दें। उन्होंने बताया कि सभी पंजीकरण MY Bharat पोर्टल (https://mybharat.gov.in/pages/unity_march) पर किए जा रहे हैं।
सांसद विद्युत महतो ने कहा कि सरदार पटेल ने जिस एकता की नींव रखी थी, उसी को आज की युवा पीढ़ी को आगे बढ़ाना है। विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका निर्णायक है, यह पदयात्रा इसी दिशा में एक प्रयास है

