जमशेदपुर।
अखिल भारतीय कायस्थ महासभा की एक महत्वपूर्ण बैठक बुधवार की शाम नामदा बस्ती में आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत राज्यसभा सांसद और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए की गई। उपस्थित सदस्यों ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी।
बैठक की अध्यक्षता महासभा के अध्यक्ष मदन मोहन प्रसाद ने की। इस दौरान संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। खासकर बीते जून माह में हुए प्रदेश कार्यकारिणी सम्मेलन के खर्च का लेखा-जोखा सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
महिला प्रकोष्ठ के रिक्त पद को भरने को लेकर भी गहन मंथन किया गया। तय हुआ कि जल्द ही इस पद पर सर्वसम्मति से नियुक्ति की जाएगी, ताकि संगठन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ सके।
साथ ही, आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। 15 अगस्त को ध्वजारोहण और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने को लेकर रूपरेखा बनाई गई। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी सदस्यों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक में महासभा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। इनमें महामंत्री अनिल कुमार सिंहा, कोषाध्यक्ष अटल बिहारी महंती, उपाध्यक्ष अमरेश कुमार श्रीवास्तव, दिनेश कुमार श्रीवास्तव और कार्यकारी अध्यक्ष रंजीत कुमार श्रीवास्तव शामिल थे।
बैठक में निर्णय लिया गया कि संगठन को मजबूत करने और युवा पीढ़ी को जोड़ने के लिए निकट भविष्य में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।


