जमशेदपुर। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम उठाते हुए रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर ईस्ट ने बुधवार को अर्का जैन यूनिवर्सिटी, गम्हरिया परिसर में वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया। यह अभियान रोटरी इंटरनेशनल की पर्यावरणीय स्थिरता और सामुदायिक सेवा की वैश्विक प्रतिबद्धता को स्थानीय स्तर पर मूर्त रूप देने का सराहनीय प्रयास रहा। इस विशेष अभियान की अगुवाई क्लब के पूर्व अध्यक्ष डॉ. एस. एस. रज़्ज़ी ने की, जिन्होंने रोटरी वर्ष 2025-26 के दूसरे दिन इस पहल को सफलतापूर्वक आयोजित कर एक सकारात्मक शुरुआत सुनिश्चित की।
कार्यक्रम में क्लब अध्यक्ष रोटेरियन पुनीत कौंटिया और सचिव रोटेरियन आर. संतोषी के साथ-साथ कई अन्य रोटेरियन सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और 35 पौधों का रोपण किया। यह कदम एक स्वच्छ, हरित और टिकाऊ भविष्य की ओर सामूहिक प्रयास का प्रतीक बना। कार्यक्रम में रोटेरियन प्रांतिक सरकार (निदेशक दृ सेवा परियोजनाएँ) की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को और अधिक प्रभावशाली बना दिया। साथ ही, सुश्री ऋतिका कौंटिया ने समन्वय और प्रोत्साहन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसके लिए क्लब की ओर से उन्हें विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
डॉ. अनुप गुप्ता, रोटेरियन कुणाल कर और रोटरी परिवार की सदस्य श्रीमती कमानी कर की सक्रिय सहभागिता एवं सहयोग की भी सभी ने भूरि-भूरि प्रशंसा की। इस आयोजन में अर्का जैन यूनिवर्सिटी के छात्र एवं शिक्षकगणों की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही। विश्वविद्यालय प्रशासन ने पौधों की देखरेख का संपूर्ण उत्तरदायित्व निभाने का आश्वासन दिया, जिससे इस अभियान की सफलता सुनिश्चित हो सकी। यह वृक्षारोपण अभियान रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर ईस्ट की उस दीर्घकालिक सोच का हिस्सा है, जो पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन के प्रति सजगता और सतत जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए काम कर रही है। क्लब “सेवा सर्वाेपरि” के अपने आदर्श के अनुरूप आगे भी समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए इस प्रकार की पहल करता रहेगा।

