जमशेदपुर। भारतीय युगवशिष्ट ब्रह्मानंद संघ के संस्थापक ब्रह्मानंद शास्त्री की जयंती शताब्दी समारोह इस वर्ष भव्य रूप से मनाया जाएगा। आयोजन 21 अक्टूबर से प्रारंभ होकर 25 अक्टूबर तक चलेगा। चार दिनों तक धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ कई सामाजिक कार्यक्रम भी होंगे। सभी कार्यक्रम कदमा राम नगर स्थित ब्रह्मलोकधाम में आयोजित किए जाएंगे।
बुधवार को ब्रह्मलोकधाम में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में संस्था की ओर से मोनोबिंदू भट्टाचार्य ने कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 21 अक्टूबर की सुबह 8 बजे अखंड हरि कीर्तन की शुरुआत होगी, जिसका शुभारंभ पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता और ईंचागढ़ की विधायक सबिता महतो करेंगे। यह हरि कीर्तन लगातार तीन दिनों तक चलेगा और 23 अक्टूबर को शाम 6 बजे इसका समापन होगा।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS :घाटशिला विधानसभा उपचुनाव , भाजपा ने बाबूलाल सोरेन पर जताया भरोसा, दिया टिकट
24 अक्टूबर की सुबह 10 बजे से गुरु ग्रंथ साहिब पाठ आरंभ होगा, जिसमें बतौर मुख्य अतिथि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा शामिल होंगे। इस अवसर पर श्रद्धालु और अनुयायी बड़ी संख्या में उपस्थित रहेंगे।
समारोह का समापन 25 अक्टूबर को धार्मिक अनुष्ठानों के साथ होगा। इस दिन सुबह 6 बजे स्मरण भजन, 7:30 बजे प्रदक्षिणा और 8 बजे पुष्पांजलि का आयोजन होगा। इसी दिन संस्था द्वारा चयनित 25 जोड़ों का सामूहिक विवाह कराया जाएगा। इस कार्यक्रम में सांसद विद्युत वरण महतो और विधायक सरयू राय विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
इसके बाद महाभोग, नर-नारायण सेवा, नगर कीर्तन, केक कटिंग, भजन संध्या और महाप्रसाद वितरण का आयोजन होगा। संस्था ने बताया कि इन आयोजनों का उद्देश्य समाज में एकता, सद्भाव और सेवा भावना को मजबूत करना है।
समारोह के दौरान सामाजिक सेवा कार्य भी किए जाएंगे। सोनारी अस्पताल में मरीजों के लिए फ्री एंजियोग्राफी की व्यवस्था की जाएगी और उस दिन ओपीडी पूरी तरह निशुल्क रखी जाएगी।
संस्था ने शहरवासियों से अनुरोध किया है कि वे इस पुण्य अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर ब्रह्मानंद शास्त्री के आदर्शों और शिक्षाओं को आगे बढ़ाएं।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS :प्रिंस खान के प्रत्यर्पण के लिए भारत सरकार पर दबाव बनाएं सीएमः सरयू राय

