जमशेदपुर,।
झारखंड वन विभाग की दो दिवसीय राज्यस्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य समापन रविवार को जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, जमशेदपुर में हुआ। इस प्रतियोगिता में राज्यभर से आए 400 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया और अपने खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में रांची क्षेत्र के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 39 स्वर्ण, 16 रजत, और 11 कांस्य पदक के साथ कुल 66 पदक जीतकर पहला स्थान हासिल किया। वहीं, सिंहभूम और हजारीबाग क्षेत्रों ने बराबर 43-43 पदक प्राप्त किए, जिसमें सिंहभूम को 25 स्वर्ण, 9 रजत, और 9 कांस्य पदक मिले।
पलामू क्षेत्र ने भी अच्छा प्रदर्शन करते हुए 14 स्वर्ण, 18 रजत, और 13 कांस्य पदकों सहित कुल 45 पदक अर्जित किए। बोकारो की टीम ने 13 स्वर्ण, 8 रजत, और 5 कांस्य के साथ 26 पदक अपने नाम किए, जबकि दुमका क्षेत्र को कुल 22 पदक प्राप्त हुए।
प्रतियोगिता में 57 विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की गईं, जिनमें दौड़, शॉट पुट, साइक्लिंग, वॉलीबॉल, कैरम, और स्विमिंग जैसे खेल शामिल थे। खिलाड़ियों ने पूरे जोश, उत्साह और अनुशासन के साथ हिस्सा लिया।
समापन समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय कलाकारों ने लोकनृत्य और गीतों से सभी दर्शकों का मन मोह लिया। आयोजन समिति ने सभी विजेताओं को पदक और प्रमाणपत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
