जमशेदपुर। जनता दल (यूनाइटेड) उलीडीह थाना समिति की ओर से शनिवार को रामकृष्ण कॉलोनी में “संपर्क समस्या समाधान अभियान” चलाया गया। यह अभियान समिति के अध्यक्ष प्रवीण सिंह के नेतृत्व में आयोजित हुआ। जद(यू) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इलाके का दौरा कर स्थानीय लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को करीब से जाना।
भ्रमण के दौरान मोहल्लेवासियों ने नेताओं को बताया कि सबसे गंभीर समस्या पेयजल आपूर्ति की है। लोगों का कहना था कि विभाग द्वारा दिन में केवल एक बार पानी की सप्लाई की जाती है, वह भी मुश्किल से 10 से 15 मिनट के लिए। इतनी कम समय की आपूर्ति में पूरे मोहल्ले के परिवारों को पानी भरने में काफी कठिनाई होती है।
READ MORE :JHARKHAND NEWS :प्रधानमंत्री मोदी ने बच्चों संग मनाया विशेष रक्षाबंधन
इसके अलावा कॉलोनी के निवासियों ने कचरा प्रबंधन में लापरवाही, नियमित साफ-सफाई न होना, नालियों की सफाई में कमी, कई जगह स्ट्रीट लाइट के खराब रहने और जर्जर सड़कों की समस्या की भी शिकायत की। स्थानीय लोगों ने कहा कि ये समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है।
अध्यक्ष प्रवीण सिंह ने सभी निवासियों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं को संबंधित विभागों और अधिकारियों के सामने रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि जद(यू) जनता की आवाज बनकर हर स्तर पर मुद्दों को उठाएगी और समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करेगी।
अभियान के दौरान जद(यू) के जिला सचिव विकास साहनी ने कहा कि पार्टी का मुख्य उद्देश्य लोगों की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना है और इसके लिए क्षेत्रीय स्तर पर लगातार जनसंपर्क अभियान चलाए जा रहे हैं। जिला प्रवक्ता आकाश शाह ने कहा कि रामकृष्ण कॉलोनी की समस्याएं गंभीर हैं और इन्हें नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
READ MORE :Bollywood News :’द पैराडाइज’ में नानी बने ‘जदल’ का बोल्ड और इंटेंस अवतार
इस मौके पर थाना समिति के महामंत्री मनोज गुप्ता, अभिजीत सेनापति, परविंदर राम, योगेंद्र साहू, नीरज सिंह, संजय सिंह, सागर दत्ता, विजय बर्मन और मनोज राय सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
स्थानीय निवासियों ने जद(यू) की इस पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि इस अभियान के बाद उनकी समस्याओं का समाधान जल्द होगा।

