जमशेदपुर। ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों की समस्याओं को त्वरित और स्थानीय स्तर पर हल करने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक अहम पहल शुरू की है। उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देशानुसार अब प्रत्येक सप्ताह प्रखंड और अंचल स्तर पर “जन शिकायत निवारण दिवस” आयोजित किया जाएगा।
इस दिवस पर संबंधित प्रखंड और अंचल के पदाधिकारी कार्यालय में उपस्थित रहेंगे, जहां वे नागरिकों की समस्याएं और शिकायतें सुनकर उसका तात्कालिक निष्पादन सुनिश्चित करेंगे। यह व्यवस्था न केवल शिकायतों के निवारण को गति देगी, बल्कि ग्रामीणों को जिला मुख्यालय तक आने की आवश्यकता भी नहीं पड़ेगी।
उपायुक्त ने कहा कि इस पहल से शासन-प्रशासन और आम जनता के बीच की दूरी कम होगी और कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी।
National News :पद्म पुरस्कार-2026 के लिए 31 जुलाई, 2025 तक किए जा सकेंगे नामांकन
प्रखंडवार जन शिकायत निवारण दिवस निम्नानुसार निर्धारित किए गए हैं:
प्रखंड दिवस
बोडाम बुधवार
मुसाबनी बुधवार
घाटशिला गुरुवार
पोटका शुक्रवार
बहरागोड़ा गुरुवार
डुमरिया बुधवार
पटमदा सोमवार
गुड़ाबांदा शुक्रवार
चाकुलिया मंगलवार
धालभूमगढ़ बुधवार
जमशेदपुर शुक्रवार
जिला प्रशासन की अपील:
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने संबंधित प्रखंड कार्यालय में निर्धारित दिवस पर उपस्थित होकर अपनी शिकायतें दर्ज कराएं, ताकि उनका समाधान तय समय में किया जा सके।
यह कार्यक्रम ग्रामीण प्रशासनिक व्यवस्था को जनोन्मुखी, प्रभावी और उत्तरदायी बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम माना जा रहा है।

