जमशेदपुर: टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विसेज लिमिटेड (UISL) के प्रबंध निदेशक ऋतुराज सिन्हा के अचानक निधन की खबर से उद्योग जगत और राजनीति में शोक की लहर फैल गई है।
राजनीतिक दलों के नेताओं ने अपने संदेशों में उनके निधन को झारखंड और देश के लिए अपूरणीय क्षति बताया। नेताओं ने उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि उनकी दूरदर्शिता और योगदान हमेशा याद रखे जाएंगे।
जूस्को के एमडी ऋतुराज सिन्हा के निधन पर सांसद बिद्युत बरण महतो ने व्यक्त किया गहरा शोक
जूस्को (JUSCO) के प्रबंध निदेशक ऋतुराज सिन्हा के असामयिक निधन पर जमशेदपुर के सांसद बिद्युत बरण महतो ने गहरा शोक व्यक्त किया है। अपने शोक संदेश में सांसद महतो ने कहा कि “ऋतुराज जी का निधन न केवल जूस्को परिवार के लिए, बल्कि पूरे झारखंड के उद्योग जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उनके नेतृत्व में जूस्को ने कई नई ऊँचाइयों को प्राप्त किया, स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिले और अनेक सामाजिक परियोजनाओं को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाया।”
सांसद महतो ने कहा कि ऋतुराज सिन्हा ने अपने उत्कृष्ट कौशल, दूरदृष्टि और प्रबंधन क्षमता से न केवल कंपनी को मजबूत बनाया, बल्कि समाजिक विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका जाना पूरे प्रदेश के लिए भारी क्षति है। उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा, “ईश्वर परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति दें। दिवंगत आत्मा को शांति प्राप्त हो।”
ऋतुराज सिन्हा के निधन पर सरयू राय ने शोक व्यक्त किया
जमशेदपुर। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने टाटा स्टील यूआईएसएल के प्रबंध निदेशक ऋतुराज सिन्हा के आकस्मिक निधन को दुःखद एवं मर्मांतक बताया है। अपने शोक संदेश में उन्होंने कहा कि उनसे अभी काफी उम्मीदें थीं। इंजीनियरिंग पृष्ठभूमि के साथ वे एक कुशल प्रबंधक थे। जमशेदपुर की जनसुविधा ज़रूरतों के पर्याय व्यक्तित्व के नहीं रहने से सुधार के प्रयासों को धक्का लगा है।
टाटा स्टील यूआईएसएल के एमडी ऋतुराज सिन्हा के निधन पर विधायक पूर्णिमा साहू ने जताया शोक, कहा- शहर के विकास कार्यों में उनकी प्रतिबद्धता और सहयोग हमेशा याद रहेंगे
जमशेदपुर। टाटा स्टील यूआईएसएल के प्रबंध निदेशक ऋतुराज सिन्हा के आकस्मिक निधन पर जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि ऋतुराज सिन्हा का असमय निधन अत्यंत दुःखद और स्तब्ध करने वाला है। विधायक पूर्णिमा साहू ने बताया कि कुछ दिनों पहले ही उनसे बातचीत हुई थी। शहर के विकास कार्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और जिस सहयोगात्मक भाव से वे काम करते थे, उसकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी कई समस्याओं को लेकर विभिन्न अवसरों पर उनसे भेंट हुई। कई समस्याओं के समाधान को लेकर उनका सकारात्मक और सक्रिय सहयोग मिला, जिससे क्षेत्र की जनता को प्रत्यक्ष रूप से लाभ हुआ। प्रभु दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवारजनों को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करें।
टाटा स्टील यूआईएसएल के एमडी ऋतुराज सिन्हा के निधन पर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने व्यक्त की गहरी शोक संवेदना, कहा- शहर ने खो दिया एक दूरदर्शी अधिकारी
जमशेदपुर। टाटा स्टील यूआईएसएल के प्रबंध निदेशक ऋतुराज सिन्हा का रविवार को अचानक निधन हो गया। लगभग 55 वर्ष की आयु में उनके इस असामयिक निधन से उद्योग जगत, टाटा स्टील और जमशेदपुर शहर में शोक की लहर है। ऋतुराज सिन्हा के निधन पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता रघुवर दास ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि ऋतुराज सिन्हा जमशेदपुर के सर्वांगीण विकास के लिए हमेशा चिंतित और सजग रहते थे। मिलनसार व्यक्तित्व के धनी ऋतुराज सिन्हा ने हमेशा शहर के विकास को प्राथमिकता दी। उनका यूं असमय चले जाना टाटा स्टील एवं पूरे शहर के लिए बहुत बड़ी क्षति है। कहा कि जमशेदपुर एवं टाटा स्टील ने एक दूरदर्शी अधिकारी को खो दिया।
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा के शांति की प्रार्थना की है।
टाटा स्टील यूआईएसएल के एमडी ऋतुराज सिन्हा का निधन, झामुमो केंद्रीय प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी ने व्यक्त की गहरी संवेदना
जमशेदपुर: टाटा स्टील यूआईएसएल (पूर्व में जुस्को) के प्रबंध निदेशक ऋतुराज सिन्हा के निधन पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय प्रवक्ता व पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह पूरे उद्योग जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है।
कुणाल षाड़ंगी ने अपने शोक संदेश में कहा:
“बेहद दुःखद और स्तब्ध करने वाली खबर। यह पूरे उद्योग जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। मेरे लिए वे एक बड़े भाई जैसे थे। परसों ही बातचीत हुई थी। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे और परिजनों को यह दुख सहन करने की शक्ति दे।”
उन्होंने आगे कहा कि ऋतुराज सिन्हा का व्यक्तित्व बेहद सरल, सौम्य और समाजसेवा की भावना से परिपूर्ण था। उनके नेतृत्व में कंपनी ने नई ऊँचाइयों को छुआ और सामाजिक जिम्मेदारी के कई कार्यों को गति मिली।
जमशेदपुर और झारखंड में एक कुशल प्रशासक और विनम्र व्यक्तित्व के रूप में उनकी अलग पहचान थी। उनके अचानक निधन से पूरे प्रदेश में शोक की लहर है।
जुस्को (टाटा स्टील यूआईएसएल) के एमडी ऋतुराज सिन्हा के निधन पर अमरप्रीत सिंह काले ने व्यक्त की गहरी संवेदना
जमशेदपुर:
जुस्को (टाटा स्टील यूएसआईएल लिमिटेड) के प्रबंध निदेशक श्री ऋतुराज सिन्हा के आकस्मिक निधन के दुःखद समाचार से पूरा शहर स्तब्ध और शोकाकुल है। समाजसेवी व भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले ने उनके निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि श्री सिन्हा जी का जाना शहर के लिए एक अपूरणीय क्षति है।
काले ने कहा कि इंजीनियरिंग पृष्ठभूमि से आने वाले श्री ऋतुराज सिन्हा जी ने जमशेदपुर की जनसुविधाओं में सुधार और विकास को नई दिशा देने के लिए निरंतर कार्य किया। उनकी दूरदृष्टि, संवेदनशीलता और प्रशासनिक क्षमता के कारण शहर को उनसे कई उम्मीदें थीं, जिसे गहरा धक्का लगा है , वे जमशेदपुर की आवश्यकताओं, जनकल्याण और आधुनिक सुविधाओं के सुदृढ़ विस्तार के पर्याय बन चुके थे।
उन्होंने कहा कि एक प्रभावशाली, शांत, समर्पित और कर्मठ व्यक्तित्व के अचानक विछोह से शहर ने एक ऐसे कर्मयोगी को खो दिया है, जिसने हर दिन को जनहित की सोच के साथ जिया।
अमरप्रीत सिंह काले ने दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।
ऋतुराज सिन्हा के निधन पर आशुतोष राय ने शोक जताया
जमशेदपुर। स्वर्णरेखा क्षेत्र विकास ट्रस्ट के ट्रस्टी आशुतोष राय ने टाटा स्टील यूआईएसएल के प्रबंध निदेशक ऋतुराज सिन्हा के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।आशुतोष राय ने कहा कि ऋतुराज जी उनके अभिभावक के समान थे। वह निज संबंधों के प्रति बेहद सजग, उदार और मददगार की भूमिका में सदैव खड़े रहते थे। उन्होंने कहा कि शहर का विकास कैसे हो, लोगों को ज्यादा से ज्यादा सुविधाएं कैसे मुहैया कराई जाएं, इसे लेकर वह लगातार काम कर रहे थे। उनके असामयिक निधन से विकास कार्यों पर असर पड़ेगा।
सिंहभूम चैंबर के पूर्व अध्यक्ष श्विजय आनंद मूनका ने व्यक्त किया गहरा दुःख
जमशेदपुर : जुस्को (टाटा स्टील यूआईएसएल) के प्रबंध निदेशक ऋतुराज सिन्हा के आकस्मिक निधन की खबर से उद्योग जगत सहित पूरा समाज शोकाकुल है।
सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के निवर्तमान अध्यक्ष एवं झारखंड फेडरेशन ऑफ चैंबर ऑफ कॉमर्स के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष (कोल्हान) श्विजय आनंद मूनका ने उनके निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की है। श्री मूनका ने कहा कि श्री सिन्हा का जाना न केवल उद्योग जगत के लिए, बल्कि समाज के लिए भी एक अत्यंत कर्मठ, विनम्र और दूरदर्शी नेतृत्वकर्ता की अपूरणीय क्षति है।
उन्होंने बताया कि स्व. सिन्हा से उनके लगभग 20 वर्षों का गहरा व्यक्तिगत एवं कार्यात्मक संबंध रहा। इस अवधि में श्री सिन्हा सदैव सहयोगी, सहज उपलब्ध रहने वाले और वास्तविक समस्याओं को समझकर समाधान देने वाले अधिकारी के रूप में याद रहेंगे।
एमडी ऋतुराज सिंह के निधन से स्तब्ध हूं कुलवंत सिंह बंटी
झारखंड प्रदेश कार्य समिति सदस्य कुलवंत सिंह बंटी ने कहा कि टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विसेज लिमिटेड के प्रबंध निदेशक ऋतुराज सिन्हा के निधन से मैं स्तब्ध हूँ, उनसे कुछ दिन पहले ही मिला था अगर कोई समस्या उनके पास लेकर जाए तो उन्हें तुरंत हल करने की कोशिश करते थे वे विकास एवं अच्छे कार्यों के लिए हमेशा याद किए जाएंगे ईश्वर उन्हें अपने चरणों में स्थान दें



