जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के मुसाबनी की होनहार और प्रतिभाशाली युवती मालती हेम्ब्रम ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत और झारखंड का नाम रोशन किया है। सीमित संसाधनों और ग्रामीण परिवेश से निकलकर उन्होंने यह साबित किया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, मेहनत और लगन से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं।
दीपावली के शुभ अवसर पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी, मुसाबनी प्रखंड अध्यक्ष प्रधान सोरेन और अन्य कार्यकर्ताओं ने मालती हेम्ब्रम के घर पहुंचकर उन्हें सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से फोन पर मालती की बातचीत भी कराई।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS :रघुवर दास ने परिवार संग सादगीपूर्ण ढंग से मनाई दीपावली
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मालती को उनकी सफलता पर हार्दिक बधाई दी और कहा,
“आपने अंतरराष्ट्रीय मंच पर झारखंड और भारत का नाम रोशन किया है। यह पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है। इसी तरह आप आगे भी राज्य और देश का मान बढ़ाती रहें।”
मुख्यमंत्री ने उन्हें दीपावली की शुभकामनाएँ दीं और यह भी भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार उनकी हर संभव मदद के लिए हमेशा तैयार रहेगी।
गौरतलब है कि मालती हेम्ब्रम ने हाल ही में जर्मनी के बर्लिन सम्मेलन में भारत का प्रतिनिधित्व किया, जहाँ उन्होंने भारतीय युवाओं की आवाज़ बनकर संवैधानिक मूल्यों, प्रशासनिक पारदर्शिता, शिक्षा और सामाजिक सहयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार रखे।
उन्होंने सम्मेलन में यह भी कहा कि भारत का आदिवासी समाज केवल परंपरा का वाहक नहीं, बल्कि देश की प्रगति में सक्रिय और सशक्त भागीदारी निभाने वाला समुदाय है। उनकी बातों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर झारखंड की नई पीढ़ी की सोच और प्रतिभा का परिचय दिया।
मालती हेम्ब्रम की यह उपलब्धि न केवल झारखंड बल्कि पूरे भारत के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है। ग्रामीण क्षेत्र की एक बेटी का यह सफर आने वाली पीढ़ियों के लिए मिसाल है।

