जमशेदपुर। शहर की बेटी एवं लोयला स्कूल की शिक्षिका मीनाक्षी माधुर्या ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर झारखंड और जमशेदपुर का नाम रोशन किया है। उन्होंने दुबई में आयोजित मिसेज इंटरनेशनल वूमन ऑफ सब्सटेंस ब्यूटी पेजेंट में “ब्यूटी इनसाइड आउट” का सब-टाइटल जीतकर बड़ा मुकाम हासिल किया।
यह प्रतियोगिता 6 माह तक चली और इसके ग्रैंड फिनाले का आयोजन 14 सितंबर को दुबई में हुआ। दुनिया भर से 40 प्रतिभागियों ने इसमें हिस्सा लिया था। मीनाक्षी माधुर्या मिनाश डांस एवं फिटनेस स्टूडियो, मोहीनी कॉम्पलेक्स (डिमना रोड, मानगो) की प्रोपराइटर और संचालिका होने के साथ-साथ लोयला स्कूल में शिक्षिका भी हैं। वे मनिहारी के विधायक मनोहर प्रसाद सिंह की पुत्री हैं।
प्रतियोगिता में मिली उपलब्धि पर उनके परिवार और मित्रों ने गर्व जताया। पति मनोज कुमार (डिप्टी कमिश्नर, उत्पाद विभाग, दुमका), ससुर विधायक चंदर प्रसाद सिंह, सास नीलिमा देवी और लोयला स्कूल की उप-प्राचार्या विनिता एफ. एक्का ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह पूरे राज्य के लिए गौरव का क्षण है।
मीनाक्षी ने कहा कि इस सफर में परिवार, मित्रों और सहकर्मियों का निरंतर सहयोग और प्रोत्साहन मिला। ज्ञात रहे कि वह जमशेदपुर में महिलाओं को फिटनेस और डांस के नए-नए गुर सिखाती हैं और महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में लगातार काम कर रही हैं।

