जमशेदपुर।
आधुनिक ग्रुप के प्रबंध निदेशक मनोज कुमार अग्रवाल ने दीशोम गुरु श्री शिबू सोरेन के आकस्मिक निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि झारखंड ने अपना मसीहा रूपी अभिभावक खो दिया है। सोमवार को मनोज कुमार अग्रवाल ने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि आदरणीय दिशोम गुरु श्री शिबू सोरेन जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है। झारखंड के निर्माता, आदिवासी समाज के सच्चे हितैषी और जननायक के रूप में उनकी पहचान हमेशा अमर रहेगी। उनके द्वारा जल, जंगल और जमीन के लिए किया गया संघर्ष, झारखंड आंदोलन को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने और सामाजिक न्याय के लिए उनकी अटूट प्रतिबद्धता हर किसी के लिए प्रेरणास्रोत है।
श्री शिबू सोरेन जी का जीवन एक युग पुरुष की तरह था, जिन्होंने अपनी सादगी, सहजता और जनसेवा के प्रति समर्पण से लाखों लोगों के दिलों में स्थान बनाया। उनका जाना न केवल झारखंड के लिए, बल्कि पूरे देश के लिए एक अपूरणीय क्षति है।
मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा आधुनिक ग्रुप की ओर से दिशोम गुरु श्री शिबू सोरेन जी को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हैं। साथ ही प्रार्थना करते हैं कि ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें और उनके परिवार, अनुयायियों व समस्त झारखंडवासियों को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति दे।

