नई दिल्ली : सांसद बिद्युत बरण महतो और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने सोमवार को नई दिल्ली स्थित अपोलो अस्पताल पहुंचकर झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के स्वास्थ्य की जानकारी ली।
दोनों नेताओं ने अस्पताल के चिकित्सकों से मुलाकात कर मंत्री की मौजूदा चिकित्सकीय स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। चिकित्सकों ने बताया कि मंत्री के स्वास्थ्य में सुधार लाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और उनके स्वस्थ होने की प्रक्रिया को तेज़ करने पर ध्यान दिया जा रहा है।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS : दिशोम गुरु शिबू सोरेन को पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने दी श्रद्धांजलि
इस दौरान अस्पताल में शिक्षा मंत्री के पुत्र भी मौजूद थे। सांसद बिद्युत बरण महतो और अर्जुन मुंडा ने उनसे बातचीत कर ढांढस बंधाया और भरोसा दिलाया कि सब कुछ ठीक हो जाएगा। दोनों नेताओं ने मंत्री के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना व्यक्त की।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, रामदास सोरेन का उपचार विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में चल रहा है और स्वास्थ्य में क्रमिक सुधार के संकेत मिल रहे हैं। राज्य के कई राजनीतिक नेता और शुभचिंतक लगातार उनके स्वास्थ्य की जानकारी ले रहे हैं।
बिद्युत बरण महतो ने कहा कि मंत्री रामदास सोरेन राज्य की शिक्षा व्यवस्था में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं और उनका स्वस्थ होना पूरे राज्य के लिए महत्वपूर्ण है। वहीं अर्जुन मुंडा ने कहा कि इस समय पूरा झारखंड उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना कर रहा है।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS :रोटरी क्लब का निःशुल्क एचपीवी टीकाकरण शिविर आयोजित


