जमशेदपुर। शिरोमणि शहीद बाबा जीवन सिंह जी के 364वें प्रकाश देहाड़े के अवसर पर इस वर्ष भी जमशेदपुर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु अमृतसर में आयोजित नगर कीर्तन में शामिल होने जा रहे हैं। रंगरेटा महासभा के बैनर तले हर साल संगत अमृतसर दरबार साहिब में होने वाले इस ऐतिहासिक नगर कीर्तन में भाग लेती है। इस वर्ष भी करीब 300 श्रद्धालु एक सितंबर को जमशेदपुर से रवाना होंगे।
रंगरेटा महासभा के प्रदेश अध्यक्ष मनजीत सिंह ने तीनप्लेट खालसा क्लब में आयोजित आमसभा में जानकारी दी कि यह लगातार पांचवां वर्ष है जब जमशेदपुर से संगत चेतना मार्च में शामिल होने जा रही है। उन्होंने कहा कि संगत का उत्साह देखते हुए आने वाले समय में और भी अधिक संख्या में श्रद्धालु इस यात्रा में भाग लेंगे।
सभा के दौरान श्रद्धालुओं को यात्रा की व्यवस्थाओं के बारे में भी विस्तार से बताया गया। अमृतसर दरबार साहिब में रहने और ठहरने की व्यवस्था की गई है। रास्ते में अलग-अलग स्थानों पर लंगर सेवा उपलब्ध होगी। साथ ही, पंजाब में यात्रा के लिए बसों की सुविधा भी प्रदान की गई है। चेतना मार्च एक सितंबर को विशेष ट्रेन से रवाना होगी और 10 सितंबर को जलियांवाला बाग से वापसी होगी।
कार्यक्रम में विभिन्न वक्ताओं ने रंगरेटा महासभा की ओर से किए जा रहे धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों की सराहना की। सभा का संचालन सुखदेव सिंह मिट्ठू ने किया, जबकि स्वागत भाषण अध्यक्ष मनजीत सिंह ने दिया। कार्यक्रम की जानकारी साहब सिंह ने दी और धन्यवाद ज्ञापन अमृत सिंह ने प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। इनमें कुंदन सिंह, जसबीर सिंह, पादरी करतार सिंह, राजेंद्र सिंह टर्सिका, गुरदयाल सिंह माननवाल, कश्मीर सिंह चीमा, बिरसानगर गुरुद्वारा के प्रधान परमजीत सिंह रोशन, छोटू पाजी, रणजीत सिंह फौजी, मानसिंह टूईला सहित अन्य प्रमुख शामिल रहे।
महिला श्रद्धालुओं की भी विशेष उपस्थिति रही। स्त्री सभा की प्रधान सतनाम कौर, बिरसानगर की प्रधान गीता कौर, नामदा बस्ती की प्रधान बलविंदर कौर, किरणदीप कौर, जसबीर कौर (सीटो), बेबी कौर, चरणजीत कौर, हरजीत कौर, रानी कौर और सिन्दो कौर ने भी अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज कराई।
कार्यक्रम में मौजूद सभी श्रद्धालुओं ने एक स्वर में कहा कि नगर कीर्तन में शामिल होना धार्मिक और सामाजिक दृष्टि से अत्यंत गौरवपूर्ण अनुभव है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में जमशेदपुर से और भी बड़ी संख्या में संगत इस पावन यात्रा में शामिल होगी।

