जमशेदपुर।
घाटशिला विधानसभा उपचुनाव को लेकर भाजपा और झामुमो के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। रविवार को घाटशिला के एक होटल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) सरकार और उसके प्रत्याशी पर तीखा हमला बोला।
श्री साहू ने कहा कि झामुमो की चुनावी सभाओं में भीड़ का न होना जनता के मन की भावना को दर्शाता है। “जनता अब झामुमो सरकार की खोखली नीतियों और झूठे वादों से तंग आ चुकी है। पिछले छह वर्षों में राज्य में विकास के नाम पर सिर्फ घोटाले और भ्रष्टाचार हुए हैं,” उन्होंने कहा।
READ MORE :Jamshedpur Ghatsila By-election 2025 :11 नवंबर को मतदान, प्रशासन ने तैयारियां की पूरी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि झामुमो प्रत्याशी और उनके समर्थक प्रशासनिक अधिकारियों पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक तंत्र का राजनीतिक उपयोग लोकतंत्र के लिए खतरनाक संकेत है। “हम चुनाव आयोग से मांग करते हैं कि घाटशिला उपचुनाव पूरी तरह निष्पक्ष और भयमुक्त माहौल में संपन्न कराया जाए,” साहू ने कहा।
उन्होंने दावा किया कि भाजपा लोकतांत्रिक तरीक़े से चुनाव लड़ रही है और विकास, सुशासन और जनता के विश्वास के मुद्दे पर जनता के बीच जा रही है। “भाजपा के कार्यकर्ता हर बूथ पर सक्रिय हैं, घर-घर जाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास कार्यों और भाजपा की नीतियों की जानकारी दे रहे हैं,” उन्होंने कहा।
आदित्य साहू ने कहा कि झामुमो सरकार ने युवाओं, किसानों और आदिवासियों के हित में कोई ठोस कदम नहीं उठाया। रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर राज्य पूरी तरह असफल रहा है। “जनता अब इन नाकामियों का जवाब मतदान के माध्यम से देगी,” उन्होंने विश्वास जताया।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS :झामुमो नेता विकास के नाम पर वोट नहीं मांग पा रहे: दिनेशानंद गोस्वामी
साहू ने कहा कि भाजपा उम्मीदवार को घाटशिला क्षेत्र में जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है और बूथ स्तर तक माहौल भाजपा के पक्ष में है। उन्होंने कहा, “लोग अब बदलाव के लिए तैयार हैं। घाटशिला में कमल खिलना तय है और जनता एक बार फिर भाजपा पर भरोसा जताएगी।”
