रायपूर. Bharatiya Shramjivi Patrakar Sangh (BSPS) के संस्थापक शाहनवाज़ हसन ने छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के एकदिवसीय दौरे पर स्पष्ट किया कि संगठन दिवंगत पत्रकार एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नितिन चौबे के सपनों और दृष्टि को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि चौबे ने संगठन के विस्तार और मजबूती के लिए जो खाका तैयार किया था, उसे सामूहिक प्रयासों से जमीन पर उतारा जाएगा।
रायपुर स्टेशन पहुंचने पर उनका स्वागत छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष गंगेश द्विवेदी और प्रदीप नामदेव ने किया। इसके बाद उन्होंने प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक की, जिसमें आगामी राज्य स्तरीय कार्यशाला की तैयारियों पर चर्चा हुई। इस दौरान हसन ने मुख्यमंत्री के सलाहकार पंकज झा से फोन पर भी बातचीत की और कार्यक्रम से संबंधित जानकारी साझा की।
प्रदेश अध्यक्ष गंगेश द्विवेदी ने बताया कि इस आयोजन में विशेष रूप से BSPS राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक पांडेय और राष्ट्रीय सचिव संगठन एवं प्रदेश प्रभारी गिरीधर शर्मा को आमंत्रित किया जाएगा। यह कार्यक्रम विशेष रूप से नितिन चौबे की स्मृति को समर्पित होगा।
इस मौके पर शाहनवाज़ हसन ने गंगेश द्विवेदी, सुखनंदन बंजारे, जावेद अली जैदी, कौशल स्वर्णबर, प्रदीप नामदेव, महेंद्र साहू, अजय श्रीवास्तव और शमीम अख्तर जैसे वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ मिलकर रायपुर के जवाहर मार्केट में नवनिर्मित BSPS छत्तीसगढ़ राज्य कार्यालय का उद्घाटन भी किया।
शाम को उन्होंने दिवंगत पत्रकार नितिन चौबे के परिजनों से भेंट की और उन्हें आश्वस्त किया कि संगठन चौबे के अधूरे सपनों को आगे बढ़ाएगा। उन्होंने कहा कि चौबे की सोच केवल संगठन तक सीमित नहीं थी, बल्कि पत्रकारों की समस्याओं और अधिकारों को लेकर भी उनकी दृष्टि बेहद साफ और व्यापक थी।
हसन ने दोहराया कि BSPS केवल एक संगठन नहीं बल्कि पत्रकारों के लिए एक सशक्त मंच है। छत्तीसगढ़ में चौबे के नेतृत्व में जो आधार तैयार हुआ था, अब उसी दिशा में और मजबूती के साथ कदम बढ़ाए जाएंगे।
संगठन से जुड़े पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने इस दौरान संकल्प लिया कि राज्य में पत्रकारों की समस्याओं के समाधान और उनके कल्याण की दिशा में काम निरंतर जारी रहेगा।
कार्यक्रम के बाद शाहनवाज़ हसन दिल्ली रवाना हो गए।

