बिलासपुर,।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर स्टेशन के समीप 4 नवम्बर की रात हुई मालगाड़ी और मेमू लोकल ट्रेन के डिरेलमेंट की घटना में अब तक 11 यात्रियों की मृत्यु और 20 यात्री घायल हुए हैं।
रेल प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य तुरंत प्रारंभ किया और सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज जारी है।
घटना में घायल यात्रियों को तत्काल राहत के रूप में ₹50,000 की अग्रिम अनुग्रह सहायता राशि प्रदान की गई है। रेलवे ने कहा है कि घायलों के लिए आवश्यक चिकित्सा, परिवहन और सहायता व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नई दिल्ली स्थित वार रूम से घटना की पूरी जानकारी ली और राहत व बचाव कार्यों को शीघ्र व प्रभावी रूप से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी यात्री को इलाज या सहायता में कोई कठिनाई नहीं होनी चाहिए।
रेलवे प्रशासन द्वारा मृतक और घायल यात्रियों के लिए मुआवजा राशि की घोषणा की गई है —
मृतकों के परिजनों को ₹10 लाख,
गंभीर रूप से घायल यात्रियों को ₹5 लाख,
सामान्य रूप से घायल यात्रियों को ₹1 लाख की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
रेलवे अधिकारियों की टीम ने विभिन्न अस्पतालों का दौरा कर मुआवजा राशि का वितरण भी शुरू कर दिया है।
प्रभावित यात्रियों के नामों की सूची जारी की गई है, जिनमें पुरुष, महिलाएं और एक दो वर्षीय बच्चा भी शामिल हैं। घायलों में मथुरा भास्कर, चौरा भास्कर, शत्रुघ्न, गीता देबनाथ, मेहनिश खान, संजू विश्वकर्मा, सोनी यादव, संतोष हंसराज, रश्मि राज, ऋषि यादव, तुलाराम अग्रवाल, अराधना निषाद, मोहन शर्मा, अंजूला सिंह, शांता देवी गौतम, प्रीतम कुमार, शैलेश चंद्र, अशोक कुमार दीक्षित, नीरज देवांगन और राजेंद्र मारुति बिसारे शामिल हैं।
वरिष्ठ रेल अधिकारी लगातार घटनास्थल और अस्पतालों से संपर्क में हैं तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए हरसंभव कदम उठा रहे हैं।

